
टोक्यो ओलंपिक में भारत का परचम लहरा के वापस आने पर खिलाड़ियों को हर राज्य एक बाद एक सम्मान प्रदान कर रहा है। इसी कड़ी में गुरुवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री, योगी आदित्यनाथ ने टोक्यो ओलंपिक में भारत के पदकवीरों का सम्मान किया।
लखनऊ के अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम में हुए सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के साथ सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य वा भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष नरेंद्र ध्रुव बत्रा ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
नीचे देखें हमारी टीम द्वारा खींची गईं इस सम्मान समारोह की कुछ एक्सक्लूसिव तस्वीरें:








आपको बता दें की उत्तर प्रदेश सरकार ने टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को इनाम राशि देने की घोषणा पहले ही कर दी थी जिसके मुताबिक: गोल्ड मेडल विजेता नीरज चोपड़ा को दो करोड़, रजत विजेता मीराबाई चानू तथा रवि दहिया को डेढ़–डेढ़ करोड़, कांस्य विजेता पीवी सिंधू, लोवलीना बोरगोहैन और बजरंग पुनिया को एक–एक करोड़ रूपये दिए गए। कांस्य पदक विजेता पुरुष हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को एक–एक करोड़ रूपये की इनाम राशि दी गई।
साथ ही साथ महिला हॉकी टीम की प्रत्येक खिलाड़ी को पचास–पचास लाख रूपये दिए गए। अन्य खिलाड़ी जो की मेडल जीतने में तो असफल रहे किंतु अपने खेल से सभी को प्रभावित किया, जैसे की अदिति अशोक, दीपक पुनिया समेत 10 खिलाड़ियों को भी राज्य सरकार ने इनाम राशि प्रदान की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस अवसर पर यूपी को खेल के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने खेल को बढ़ावा देने के लिए कई घोषणाएं की। यूपी सरकार कुश्ती व एक अन्य खेल को आगे दस वर्ष तक गोद लेकर उसे बढ़ावा देगी और इसका संपूर्ण वित्त पोषण राज्य सरकार हर स्तर पर करेगी। मुख्यमंत्री ने कहा की लखनऊ में कुश्ती एकेडमी बनाई जाएगी।
टोक्यो ओलंपिक में भारत का प्रदर्शन अब तक के सभी ओलंपिक खेलों में सबसे सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा है। भारत ने टोक्यो ओलंपिक में कुल 7 पदक हासिल किए थे जिसमें की: एक गोल्ड, दो सिल्वर और चार कांस्य पदक शामिल थे।

Faraaz
Faraaz is pursuing Mass Communication & Journalism from BBD University Lucknow.